Jamshedpur News : जमशेदपुर के गोलमुरी में दिनदहाड़े डकैती की घटना के बाद पुलिस ने बिष्टुपुर क्षेत्र में बैंक और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा की निगरानी बढ़ा दी है. सिटी एसपी ललित मीना के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने क्षेत्र के अधिक लेनदेन वाले बैंकों और ज्वेलरी शॉप के अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की ली. साथ ही उन्हें सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए.
इसे भी पढ़ें
थाना प्रभारी ने कहा कि बैंक व ज्वेलरी शॉप में तैनात सुरक्षा गार्ड, CCTV, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा इंतजाम केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए. पुलिस इन व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जांच करेगी. CCTV कैमरों की संख्या, उनकी रिकॉर्डिंग, बैकअप और जरूरत पड़ने पर फुटेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी जांच के दायरे में रहेगी.
बैठक में कैश काउंटर, स्ट्रांग रूम व कैश के एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई. बैंक और ज्वेलरी शॉप संचालकों को कैश मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया.
ATM, पार्किंग, बैंक के प्रवेश और निकास स्थल तथा संस्थान खुलने और बंद होने के समय सुरक्षा व्यवस्था पर भी पुलिस ने विशेष ध्यान देने को कहा. पुलिस का मानना है कि अपराधी अक्सर संस्थान की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की पहले से रेकी कर सकते हैं. ऐसे में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है.
30 दिन बाद फिर होगी सुरक्षा समीक्षा
थाना प्रभारी ने थाना में क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा प्रोफाइल रखने और पुलिस व बैंक अधिकारियों के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा की. कहा कि 30 दिन बाद दोबारा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी.
पुलिस की कोशिश है कि सुरक्षा व्यवस्था को केवल घटना के बाद की प्रतिक्रिया के तौर पर नहीं, बल्कि पहले से संभावित खतरे की पहचान और उसकी रोकथाम के तौर पर लागू की जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

