- सात दिनों से वेंटिलेटर पर था राहुल
Jamshedpur News : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित छह वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान सरायकेला जिले के गोपालपुर निवासी राहुल जामूदा के रूप में हुई है. बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में शोक का माहौल है.
बताया जाता है कि राहुल पिछले सात दिनों से अस्पताल के शिशु रोग विभाग की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में भर्ती था. उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखकर इलाज किया जा रहा था. मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग के एचओडी डॉ. केके चौधरी ने बताया कि राहुल ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 21 अक्टूबर से ही उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था. चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी और उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका.
परिजनों के अनुसार, राहुल को तेज बुखार, सिरदर्द और उल्टी समेत कई परेशानियां हो रही थीं. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया. अस्पताल में आवश्यक जांच के दौरान उसके ब्रेन मलेरिया से पीड़ित होने की पुष्टि हुई. डॉक्टरों ने उसे तत्काल पीआईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा. शिशु रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक लगातार उसके इलाज में जुटे रहे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इसे भी पढ़ें
ब्रेन मलेरिया (सेरेब्रल मलेरिया) क्या है?
ब्रेन मलेरिया मलेरिया का एक अत्यंत गंभीर और जानलेवा प्रकार है. यह मुख्य रूप से प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम (Plasmodium falciparum) परजीवी के संक्रमण के कारण होता है, जो संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है. इस बीमारी में मस्तिष्क की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है, जिससे मरीज की स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है.
ब्रेन मलेरिया के प्रमुख लक्षण
तेज बुखार और ठंड लगना : मरीज को तेज बुखार के साथ कंपकंपी और ठंड महसूस हो सकती है.
मानसिक भ्रम : मरीज को सोचने-समझने, ध्यान लगाने या स्पष्ट रूप से बोलने में परेशानी हो सकती है.
दौरे पड़ना : शरीर में अचानक झटके आना या बार-बार दौरे पड़ना इस बीमारी का गंभीर संकेत है.
बेहोशी या कोमा : मरीज अत्यधिक सुस्त हो सकता है, होश खो सकता है या कोमा में जा सकता है.
सिरदर्द और उल्टी : तेज सिरदर्द, मतली और बार-बार उल्टी होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
आंखों से जुड़ी समस्याएं : धुंधला दिखाई देना, आंखों का असामान्य रूप से घूमना या एक दिशा में मुड़ जाना संभव है.
शरीर में अकड़न : गर्दन में अकड़न, जबड़े का जकड़ना या दांत पीसने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं.
अन्य गंभीर संकेत : अत्यधिक कमजोरी, पीलिया, रक्तचाप (बीपी) कम होना और सांस लेने में कठिनाई भी हो सकती है.

