Jamshedpur News : जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह छात्रों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चार छात्र घायल हो गए. गनीमत रही कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती से एक टेंपो में विद्यार्थियों को विद्या भारती इंग्लिश स्कूल, हाता ले जाया जा रहा था. इसी दौरान मुबारक बस्ती के पास अचानक टेंपो अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटे हुए टेंपो से घायल बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया. फिलहाल सभी घायल छात्रों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टेंपो में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था. आशंका जताई जा रही है कि ओवरलोडिंग के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया.

