Jamshedpur News: जमशेदपुर में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को जाम की परेशानी से बचाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. इसके तहत 14 से 16 नवंबर तक अलग-अलग समय में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है. इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पूर्वी सिंहभूम की ओर से आदेश जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
आदेश के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक शहर में भारी वाहनों का परिचालन दोनों दिशाओं में सामान्य रूप से जारी रहेगा. इसके बाद सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. इस दौरान भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे और न ही शहर के अंदर आवागमन कर सकेंगे.

वहीं, 15 नवंबर को सुबह 6 बजे से 16 नवंबर को सुबह 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इस अवधि में किसी भी भारी वाहन को शहर में चलने की अनुमति नहीं होगी.
छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु नदी घाटों और जलाशयों पर अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं. ऐसे में शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और जाम लगने की आशंका रहती है. इसे देखते हुए प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है, ताकि व्रतियों, बुजुर्गों और उनके परिजनों को घाटों तक आने-जाने में परेशानी न हो.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और परिवहन संचालकों से निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है. साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और छठ पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

