Jamshedpur News : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं दी गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, मरीज अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित मेडिसिन वार्ड में बेड नंबर 448 पर भर्ती था. सोमवार को मरीज की मौत होने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए. उन्होंने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया. दोपहर करीब 12:30 बजे से शुरू हुआ हंगामा लगभग आधे घंटे तक चलता रहा.
इस दौरान परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. हंगामे की सूचना मिलने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई.