Lagatar Desk: टाटा स्टील ने स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार में विस्तार के लिए एपीएल अपोलो ट्यूब्स और उसके प्रमोटरों के साथ व्यापक रणनीतिक समझौता किया है. स्टील ने सोमवार को कहा कि उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की पूरी 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए एक समझौता किया है.
कंपनी ने एक बयान में कहा कि एक विशेष अनुबंध के लिए यह समझौता टाटा स्टील और एपीएल अपोलो के प्रवर्तक समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के बीच किया गया है.
इसे भी पढ़ें -
इस समझौते के तहत टाटा स्टील को एपीएल अपोलो के जरिये स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी. नई इकाई एपीएल अपोलो ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड 2035 तक 1.55 करोड़ टन सालाना क्षमता तैयार करेगी, जिसमें 90 लाख टन सालाना स्टील ट्यूब और 65 लाख टन सालाना कलर कोटेड उत्पाद शामिल होंगे.
इसके बाद टाटा स्टील एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खुली पेशकश भी लाएगी, जिसकी कुल कीमत 16,756 करोड़ रुपये होगी.
बयान के अनुसार, यह सौदा नियामकीय मंजूरियों के अधीन है. टाटा स्टील को आने वाले महीनों में ये मंजूरियां मिलने और वित्त वर्ष 2026-27 के भीतर सौदे को पूरा करने की उम्मीद है. एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ जुड़ने से दोनों कंपनियों की संयुक्त ताकत सामने आएगी, क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होगा, मूल्य सृजन होगा और मुनाफा बढ़ेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

