Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल डिमना परिसर में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध जताया. भुइयांडीह लकड़ीटाल निवासी भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ मारपीट के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व अध्यक्ष गुंजन यादव अपने समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए.
गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों ने मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ मारपीट की. आरोप है कि इलाज को लेकर शिकायत पर विवाद के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की.गुंजन यादव का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद जब वह अस्पताल पहुंचे, तो वहां मौजूद होमगार्ड जवानों ने उनसे आने का कारण पूछा और 8 से 10 जवानों ने उनके साथ मारपीट की. जवानों ने उन्हें कुछ देर तक रोके रखा.
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार व एमजीएम थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया गया. पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और मौके से टूटी हुई लाठी बरामद की है. घायल व्यक्ति की मेडिकल जांच कराई गई. पुलिस ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा. साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जाएगी.
भाजपा नेता गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया. लेकिन उसे डिलीट करा दिया गया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के व्यवहार की जांच कराने की मांग की है.
मनीष शर्मा ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी गर्भवती भांजी को प्रसव के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराये थे. उनका आरोप है कि सामान्य प्रसव की संभावना होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया. मनीष के अनुसार, ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद टांके वाली जगह पर सूजन व संक्रमण की समस्या सामने आई, जिसके बाद मरीज को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. भर्ती के दौरान मरीज की नियमित जांच नहीं की गई. परिजनों की शिकायतों पर भी ध्यान नहीं दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment