Jamshedpur : टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह N-111 के पास स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए. इनमें दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया.
जानकारी के अनुसार, टाटा विंगर स्कूल वैन चिन्मया स्कूल के बच्चों को स्टेडियम की ओर से स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी. इसी दौरान N-111 के पास वैन अचानक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे उसका चैंबर फट गया.
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहीं बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी नीचे उतर आए. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल बच्चों को वैन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें
राहगीरों के अनुसार, एक कार को बचाने के दौरान यह हादसा हुआ. मौके पर मौजूद उत्तम ने बताया कि चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही एक कार स्कूल वैन के सामने से गुजरी. कार वैन से बिल्कुल सटकर निकल गई.
इसके बाद चालक ने कार को पीछे मुड़कर देखने की कोशिश की, इसी दौरान वैन अनियंत्रित होकर सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. हालांकि हादसे की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और हादसे के सही कारणों का पता लगा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

