Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सब्जी कारोबारी लुटेरों का शिकार हो गया. साकची सब्जी मंडी जा रहे एक विक्रेता को तीन बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया और हथियार दिखाकर उससे मोबाइल फोन, गले की चेन और नकदी लूटकर फरार हो गए.
पीड़ित की पहचान बारिगोड़ा निवासी अनिल के रूप में हुई है. बताया जा रहा हैं कि वह रोज की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे सब्जी खरीदने के लिए साकची मंडी जा रहे थे. सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद मिलने पर उन्होंने पुलिया के नीचे वाले रास्ते से जाने का फैसला किया. इसी दौरान पहले से छिपे तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया.
हथियार दिखाकर लूटी नकदी और कीमती सामान
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने हथियार लहराते हुए उन्हें धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन, गले में पहनी चेन और जेब में रखी नकदी छीन ली.
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले. घटना के तुरंत बाद अनिल ने परसुडीह थाना की टाइगर मोबाइल टीम को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया. इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर वह फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

