Search

 
 
 

Jamshedpur News : विकास सिंह हत्याकांड का खुलासा, बदला नहीं ले सके तो बड़े भाई की कर दी हत्या, 2 गिरफ्तार

मुख्य आरोपी राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था. करीब एक वर्ष पहले हुई उस हत्या के मामले में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम सामने आया था.
 
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसएसपी पीयूष पांडेय व अन्य.

Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सूरज कुटिया व राजू कुंभकार शामिल हैं. दोनों उलीडीह इलाके के रहने वाले हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू व लोहे की रॉड को बरामद कर लिया है. यह जानकारी एसएसपी पीयूष पांडेय ने सोमवार को प्रेसवार्ता में दी.

 

उन्होंने बताया कि शंकोसाईं रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह की हत्या पुरानी रंजिश में हुई थी. जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले विकास सिंह को नशा करने के बहाने बुलाया. इसके बाद आदिवासी क्लब के पास ले जाकर चाकू व लोहे के रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया.

 

पुलिस के अनुसार, इस हत्या की साजिश काफी पहले से रची गई थी. मुख्य आरोपी राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था. करीब एक वर्ष पहले हुई उस हत्या के मामले में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम सामने आया था. उस मामले में विक्की सिंह जेल भी गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है.

 

जांच में यह भी सामने आया कि राजू कुंभकार विक्की सिंह तक नहीं पहुंच सका. तब उसने बदला लेने के लिए उसके बड़े भाई विकास सिंह को निशाना बनाने की योजना बनाई. इसमें उसके साथी सूरज कुटिया ने भी सहयोग किया. दोनों ने मिलकर पूरी साजिश तैयार की और घटना को अंजाम दिया.

 

पुलिस की विशेष टीम तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना व अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं. दोनों को जेल भेज दिया गया.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही