Jamshedpur News : जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में एक युवक विशाल सांडिल की हुई हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक नामता व रवि कुंटिया शामिल हैं. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है. विशाल सांडिल बिरसानगर जोन नंबर-2 का रहने वाला था.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद में विशाल की हत्या की गई थी. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया था. इस मामले में विशाल सांडिल की पत्नी गीता नामता ने बिरसानगर थाना में पिछले 30 सितंबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें चरण हांसदा, कार्तिक नामता और लुलू नामता पर विशाल की हत्या का आरोप लगाया था.
मामले के उद्भेदन के लिए सिटी डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने जांच के बाद कार्तिक नामता और रवि कुंटिया को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि विशाल सांडिल, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया चरण हांसदा के लिए मजदूरी करते थे. आरोप है कि चरण हांसदा कई बार मजदूरी के पैसे देने की बजाय उन्हें मुर्गा और शराब देता था. इसी बात को लेकर मजदूरी के हिसाब को लेकर 25 सितंबर को चरण हांसदा और विशाल सांडिल के बीच विवाद हुआ था और दोनों में मारपीट भी हुई थी.
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की शाम चरण हांसदा, रवि कुंटिया और कार्तिक नामता ने विशाल को शराब पिलाने के बहाने स्वर्णरेखा नदी के पास पानी टंकी के समीप बुलाया. वहां मौका देखकर चाकू से हमला कर विशाल की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

