- नदी का जलस्तर देखने पुल पर रुका था परिवार
Jamshedpur News : जमशेदपुर-घाटशिला मुख्य मार्ग पर बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई. हादसा घाटशिला के अमाईनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल पर हुआ. एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी व दो बाइक को टक्कर मारने के बाद नदी का जलस्तर देख रहे एक परिवार को भी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि परिवार की महिला सुष्मिता सिंह (40) पुल से नदी में जा गिरी. करीब दो घंटे तक तलाश के बाद महिला घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर नदी के किनारे मिली.
इसे भी पढ़ें
हादसे में गंभीर रूप से घायल परिवार के अन्य सदस्यों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे पांच वर्षीय बच्ची श्रेया की मौत हो गई.
बताया गया कि बुधवार रात करीब 9 बजे सुष्मिता सिंह अपने पति सुब्रतो सिंह और बच्चों के साथ बाइक से अमाईनगर पुल पर पहुंची थी. परिवार पुल पर बाइक खड़ी कर स्वर्णरेखा नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देख रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उसका टायर भी ब्लास्ट हो गया. टक्कर लगते ही सुष्मिता सिंह पुल से नीचे नदी में जा गिरी. पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की.
दो घंटे की तलाश के बाद सुष्मिता सिंह करीब 2 किमी. दूर नदी के किनारे मिलीं. बताया गया कि उन्हें तैरना आता था, जिसकी वजह से वह पानी के बहाव के बावजूद किसी तरह किनारे तक पहुंच सकीं. हादसे में उनके पति सुब्रतो सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनका ऑपरेशन होना है, जबकि सुष्मिता सिंह का भी इलाज और ऑपरेशन किया जाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

