Jamshedpur News : जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम अस्पताल के नए भवन के निर्माण में काम कर रहे मजदूर तारा शेष गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. तारा शेष गिरि मूल रूप से आंध्र प्रदेश के कोटपाकटी का रहने वाला था. वह एमजीएम अस्पताल के नए भवन के निर्माण कार्य में लगा हुआ था.
इसे भी पढ़ें
बताया जा रहा है कि शहर में तेज बारिश के कारण काम समय से पहले रोक दिया गया था. इसके बाद तारा शेष गिरि किसी निजी काम से बाहर निकला था. इसी दौरान उसके गिरने की जानकारी साथ काम करने वाले मजदूरों को मिली. सहकर्मी तुरंत उसे गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
तारा शेष गिरि की मौत कैसे हुई, इस पर स्थिति साफ नहीं है. अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि वह ठनका की चपेट में आया था. वहीं, कुछ लोगों के मुताबिक वह फिसलकर गिर गया था. मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

