- ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF और GRP की संयुक्त कार्रवाई, टिकट घर से मोबाइल चोरी का आरोप
Jamshedpur News : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने चोरी के मोबाइल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें...
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में RPF टीम टाटानगर और GRP टाटा द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद किया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक सेन (21 वर्ष), निवासी गोलपहाड़ी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित टिकट घर से मोबाइल चोरी किया था. बरामद मोबाइल के संबंध में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है.
यह पूरी कार्रवाई RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में RPF एवं GRP की संयुक्त टीम द्वारा की गई. रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन और ट्रेन में अपने मोबाइल, सामान एवं अन्य कीमती वस्तुओं को सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेल पुलिस को सूचना दें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

