Search

 
 
 

Jamshedpur News : अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी ने किया सरेंडर

परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में एक 35 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई
 

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में एक 35 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच जारी है.


मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहन हांसदा के रूप में हुई है. वह पेशे से काफिला (कॉनवॉय) चालक था और मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था. उसके भाई सुंदरनगर के नया बस्ती इलाके में रहते हैं. बताया जा रहा है कि मोहन का जयराम मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था. वह जयराम की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी मुंहबोली मामी कहता था, लेकिन जयराम को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था.

 


जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात मोहन एक बार फिर जयराम के घर पहुंचा. इस दौरान तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जयराम ने पहले अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद सविता अपने दोनों बच्चों को लेकर डर के कारण दूसरे घर में रात बिताने चली गई.

 

पत्नी के जाने के बाद जयराम और मोहन के बीच विवाद और बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में जयराम ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची उठाकर मोहन पर कई वार कर दिए. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गई.बुधवार सुबह जब सविता वापस घर लौटी तो उसने मोहन को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

 

पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी स्टील की डेकची और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी जयराम मुर्मू ने खुद आत्मसमर्पण कर दिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही