- बारात से लौट रहे थे सभी लोग, संकीर्ण मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी
Nitish Thakur
Jamshedpur News : पश्चिमी सिंहभूम जिले की मनोहरपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई के समीप गुरुवार देर रात सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि मृतक के पिता समेत सात लोग घायल हो गए.
हादसा उस समय हुआ, जब बारात से लौट रही यात्रियों से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव से एक पिकअप वैन में सवार होकर करीब 16 लोग बारात से वापस ओडिशा लौट रहे थे.
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया युवक
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वाहन के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया.
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान संकीत कुजूर (22 वर्ष), निवासी सरगीगड़ा, लाठीकाटा थाना क्षेत्र, ओडिशा के रूप में हुई है. घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
सात लोग हुए घायल
दुर्घटना में मृतक के पिता रोबिन कुजूर (40 वर्ष) समेत एलिक्स लकड़ा (24), पौलुष धान (33), समित कुजूर (24), प्रताप मिंज (21), पत्रस बरवा (21) और पूर्णो मिंज (19) घायल हो गए.
गंभीर रूप से घायल एलिक्स लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई .पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

