Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चोरी के संदेह में पकड़े गए एक संदिग्ध युवक ने अचानक खुद को धारदार वस्तु से घायल कर लिया. वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के शरीर पर कई जगह चोट लगी थी और वह खून से लथपथ हो गया. बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था और उसकी गतिविधियां लगातार असामान्य बनी रहीं. अस्पताल पहुंचने के बाद भी युवक ने जमकर हंगामा किया. वह लगातार शोर-शराबा करता रहा और पुलिस व अस्पताल कर्मियों की बात मानने को तैयार नहीं था. उसकी हरकतों के कारण कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसी दौरान उसने गुटखा खाने का बहाना बनाया और मौका देखकर अस्पताल से निकलकर मुख्य सड़क की ओर भागने लगा.
युवक के भागने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से कुछ ही दूरी पर उसे दोबारा पकड़ लिया गया और वापस अस्पताल लाकर उसका प्राथमिक उपचार कराया गया.
इलाज के बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह नशे का आदी बताया जा रहा है. उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के खिलाफ किस तरह की शिकायत मिली थी और घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ था. उससे पूछताछ जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment