Search

Palamu News : रघुवर दास ने गिनवाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

  • मोदी सरकार ने बदली देश की दिशा : रघुवर दास

Palamu :   मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को पलामू में मीडिया से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं.

 

एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रघुवर दास ने विपक्षी पार्टियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. जबकि यहां की सरकार रोजगार, निवेश और विकास के मोर्चे पर विफल साबित हुई है.

 

जवाबदेही वाली राजनीति और गरीब कल्याण मोदी सरकार की पहचान

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीतिक संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है. अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे फैसले सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के उदाहरण हैं.

 

सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई ने विश्व में भारत की मजबूत पहचान स्थापित की है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मूल मंत्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है. देश के 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है.

 

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं. स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है. जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है.

 

जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है.

विकसित भारत के लक्ष्य में महिला,युवा और किसान केंद्र में

पूर्व सीएम ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है. लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है जो आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और सांस्कृतिक रूप से विश्व का नेतृत्व कर सके.

 

उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है. उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन मिला है.

 

स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं के कारण भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम वाले देशों में शामिल हुआ है. वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में लाखों करोड़ रुपये की सहायता सीधे भेजी गई है.

 

भाजपा सरकार में दो लाख नौकरियां मिलीं

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि झारखंड में डबल इंजन सरकार के दौरान दो लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं. शिक्षकों की नियुक्ति हुई, 3800 वनरक्षियों और 2200 दारोगाओं की बहाली की गई.

 

उन्होंने दावा किया भाजपा के कार्याकाल में राज्य के विभिन्न विभागों में नियमित नियुक्तियां हुईं और किसी परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत नहीं आई. आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों से नियुक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं. युवाओं में निराशा बढ़ी है और रोजगार के अवसर सीमित हुए हैं.

निवेशकों का भरोसा टूटा, संसाधनों की लूट से राज्य को नुकसान

रघुवर दास ने कहा कि भाजपा सरकार ने मोमेंटम झारखंड के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों को राज्य में आमंत्रित किया था. बड़े उद्योगों के साथ मध्यम उद्योगों को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हों.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था की कमी के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है और कई निवेशक राज्य से दूर हो गए हैं.

 

उन्होंने कहा कि झारखंड के कोयला, पत्थर और बालू जैसे प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है. लेकिन उसका लाभ राज्य को नहीं मिल रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि संसाधनों पर सिंडिकेट का कब्जा है. 

 

झारखंड में विकास की गति धीमी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वा में सोन नदी से जुड़ी लगभग 1200 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है. राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार बढ़कर 1000 किलोमीटर से 7332 किलोमीटर से अधिक हो चुका है.

 

देवघर में एम्स की स्थापना, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विकास, वंदे भारत ट्रेन का परिचालन और पतरातू व नॉर्थ कर्णपुरा पावर परियोजनाएं केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं.

 

उन्होंने कहा कि पलामू मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़ी अस्पताल परियोजना की प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है. कई विकास योजनाएं धीमी रफ्तार से चल रही हैं, जिससे जनता को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है.

 

भाषाओं के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, मंत्रियों से इस्तीफे की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नौ जनजातीय भाषाओं को शामिल करने का काम किया था. सभी क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं को समान सम्मान मिलना चाहिए.

 

उन्होंने भोजपुरी, अंगिका और मगही को लेकर कांग्रेस मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस निर्णय के समय कांग्रेस के चारों मंत्री सरकार में शामिल थे, उसी फैसले के खिलाफ अब वे बाहर आकर बयानबाजी कर रहे हैं.

 

यदि वे वास्तव में इन भाषाओं के हितैषी हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, अन्यथा ढोंग और दिखावटी विरोध बंद करना चाहिए.

 

उग्रवाद और 2029 के चुनाव पर भी साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार के कार्यकाल में पलामू, गढ़वा समेत कई क्षेत्रों में उग्रवाद लगभग समाप्ति की ओर पहुंच गया था.

 

सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर बेहतर परिणाम मिले थे. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा. 

 

मीडिया संवाद के दौरान पलामू सांसद वीडी राम, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, पूर्व विधायक पुष्पा देवी समेत अन्य भाजपाई उपस्थित रहे. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//