Jamsedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित रेल यार्ड में मंगलवार देर रात संदिग्ध जंगली जानवर के दिखने से हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने जानवर को तेंदुए जैसा बताया, जिसके बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान शुरू किया.
बताया जा रहा है कि रात में ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों ने यार्ड के झाड़ीदार इलाके में हलचल महसूस की. जब वे पास पहुंचे तो रेलवे ट्रैक के किनारे एक जंगली जानवर घूमता नजर आया. कर्मचारियों ने उसका वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद पूरे रेल यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात तक यार्ड के सुनसान और झाड़ियों वाले हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया.
फिलहाल वन विभाग वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जानवर की पहचान करने में जुटा है. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह तेंदुआ था या किसी अन्य प्रजाति की जंगली बिल्ली.
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर रेल यार्ड के कई संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. कर्मचारियों को समूह में काम करने और रात के समय अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है. कुछ क्षेत्रों में अस्थायी रूप से आवाजाही भी सीमित कर दी गई है.
वन विभाग की टीम ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए हैं और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि यदि जंगली जानवर की पुष्टि होती है तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
गौरतलब है कि जमशेदपुर और उसके आसपास के जंगलों से कई बार जंगली जानवर आबादी वाले और औद्योगिक क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं. इससे पहले भी हाथी, लकड़बग्घा और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के शहर के आसपास देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
Leave a Comment