Jamshedpur : भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा निवासी सेनापति बेरा (40) और सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 निवासी नौशाद अंसारी (39) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, कैश, मोबाइल फोन, टैबलेट समेत अन्य सामान बरामद किया है.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में गोगलो जाने वाले रास्ते पर भारत फाइनेंस कंपनी के एक एजेंट को दो अपराधियों ने निशाना बनाया था. दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और एजेंट से 80 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन और एक टैबलेट लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर धालभूमगढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया था.
एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई बाइक का पता लगाया. इसके आधार पर बाइक मालिक नौशाद अंसारी की पहचान की गई. पुलिस ने जब उसके मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की तो घटना के समय उसकी मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली.
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की. पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सेनापति बेरा को गिरफ्तार कर लिया. (इसे भी पढ़ें...बांग्लादेशी महिला को कब तक डिपोर्ट किया जाएगा, झारखंड हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगी रिपोर्ट...)

