Search

जमशेदपुर: मोबाइल चार्जर चोरी के संदेह में युवक पर धारदार हथियार से हमला, युवक की हालत नाजुक

Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-1 में महज एक मोबाइल चार्जर और कुछ हजार रुपये चोरी के संदेह में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया. पड़ोसी युवक और उसके साथियों ने 21 वर्षीय प्रेम पासवान पर धारदार हथियार 'चापड़' से बेरहमी से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत बुधवार देर शाम हुई. 

आरोप के बदले युवक से मारपीट

घायल प्रेम के मामा बबन पासवान के अनुसार प्रेम की मां का मोबाइल चार्जर और लगभग 6-7 हजार रुपये नकद गायब हो गए थे. परिवार का शक पड़ोसी राहुल पासवान पर गया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस छिड़ गई. बातें बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज तक पहुंच गईं, जिससे राहुल काफी आक्रोशित हो गया और उसने बदला लेने की ठान ली.

चापड़ से किया लहूलुहान

प्रतिशोध की भावना से भरे राहुल पासवान ने गुरुवार की सुबह-सुबह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर प्रेम के घर के पास हमला बोल दिया. आरोपियों ने प्रेम पर चापड़ से लगातार वार किए, जिसके कारण वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा. अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के शोर-शराबे पर पहुंचने तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे.

 

आरोपी की तलाश में छापेमारी

गंभीर हालत में प्रेम को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है. विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी चल रही है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp