Search

जामताड़ा : बच्चों की फर्जी हाजिरी बनाकर MDM राशि निकासी में कार्रवाई शुरू,शिक्षक का वेतन रोका

Jamtara: जामताड़ा नारायणपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंपापुर में फर्जी हाजिरी बनाकर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि निकासी के मामले में विभाग ने सख्ती दिखायी है. साथ ही जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीचंद यादव पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों की वास्तविक उपस्थिति से अधिक संख्या दर्शाकर मिड डे मील (MDM)  की राशि की निकासी की.

 

प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं. इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) द्वारा संबंधित शिक्षक का वेतन रोक दिया गया है. साथ ही प्रखंड स्तर से भी शिक्षक को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है, जिसमें उनसे पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब मांगा गया है.

 

मरांडी ने कहा कि यदि शिक्षक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई और कड़ी की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 

स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा है कि इस तरह के मामलों में सख्ती जरूरी है ताकि बच्चों के अधिकारों का हनन न हो सके. एमडीएम योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी गंभीर चिंता का विषय है.
विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की शिकायतों पर सतर्कता से निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//