Jamtara : जामताड़ा में 31जुलाई डीसी एवं एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को गोराइनाला मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल ने की. इसमें कार्यक्रम प्रभारी मोहन शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नेत्री बबीता झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
बैठक में 16 जुलाई को जामताड़ा सदर अस्पताल में एक महिला की हुई मौत के मामले और न्याय की मांग को लेकर भाजपा द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर को प्रमुख मुद्दा बनाया गया. नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के दबाव में अस्पताल कर्मियों द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरण, जिला महामंत्री कमलेश मंडल और अन्य कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसका पार्टी कड़ा विरोध करती है.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने का कार्य करती है. उन्होंने कहा कि न्याय की मांग करने वाले कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. उन्होंने 31 जुलाई के घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया.
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न मंडलों की जिम्मेदारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई. पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल भाजपा का नहीं, बल्कि न्याय और जनहित से जुड़ा मुद्दा है. अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 31 जुलाई के घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया. मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता रवि महतो, दुलाल बाउरी, माणिक राय, बाबूराम महतो, विश्वजीत पाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment