Search

Jamtara News : हाईटेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, चालक गंभीर रूप से घायल

इसी कंटेनर के साथ हुआ हादसा.

Jamtara : जामताड़ा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जीपीएस के भरोसे जा रहा एक कंटेनर गलत रास्ते पर पहुंच गया और हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. इस घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात उत्तराखंड नंबर का उक्त कंटेनर धनबाद की ओर जा रहा था. ड्राइवर ने रास्ता तय करने के लिए जीपीएस का सहारा लिया, लेकिन वह मुख्य मार्ग छोड़कर प्रस्तावित NH-419 की ओर मुड़ गया. यह रास्ता संकरा व ग्रामीण इलाके से होकर गुजरता है.

 

 

जामताड़ा शहर में गायछंद मोड़ के पास कंटेनर की ऊंची बॉडी सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के हाईटेंशन तार से टकरा गई. तार के संपर्क में आते ही पूरे कंटेनर में करंट फैल गया और ड्राइवर फंस गया. करंट लगने से ड्राइवर जोर-जोर से चिल्लाने लगा, लेकिन देर रात होने के कारण आसपास कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था. किसी तरह जान बचाने के लिए चालक कंटेनर से कूद गया, लेकिन अंधेरे में सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह जख्मी हो गया.

 

शॉर्ट सर्किट से गुल हुई बिजली

 

हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण कुछ ही सेकेंड में बिजली कट गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घायल होने के बावजूद ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए कंटेनर को पीछे कर सुरक्षित जगह पर लगा दिया. घटना के बाद आसपास के लोग जाग गए और ड्राइवर को सदर अस्पताल पहुंचाया. स्थानीय निवासी अरूप माजी ने बताया कि संयोग था कि ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन उसकी हालत काफी गंभीर है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए हैं, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//