Search

 
 
 

जामताड़ाः डीसी ने जनता दरबार में सुनीं लोगों की फरियाद, दिया आश्वासन

जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए 20 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें डीसी के समक्ष रखीं. डीसी ने एक-एक कर सभी की बातें सुनीं और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.
 
जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनते डीसी आलोक कुमार.

Jamtara : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए 20 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें डीसी के समक्ष रखीं. डीसी ने एक-एक कर सभी की बातें सुनीं और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.

 
जनता दरबार में जमीन विवाद, अतिक्रमण, बिजली बिल, कोर्ट केस, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका चयन, आवास योजना, निजी जमीन में ट्रांसफार्मर लगाने, होमगार्ड बहाली, जन्म प्रमाणपत्र, वृद्धा पेंशन सहित अन्य मामले आए. डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया.

 


डीसी ने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो मामले तत्काल सुलझाए जा सकते हैं, उन्हें तुरंत निबटाएं और अन्य मामलों का 7 से 10 दिनों के भीतर निष्पादन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें. सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी.

 

जनता दरबार में कई संवेदनशील मामले भी आए. एक दिव्यांग बच्चे के प्रमाण पत्र को लेकर डीसी ने सिविल सर्जन को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया. वहीं किडनी ट्रांसप्लांट करा चुके एक व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया. आंगनबाड़ी चयन में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए. एक उपभोक्ता के 1.56 लाख रुपये के बिजली बिल को सुधारने का आश्वासन दिया गया. मौके पर डीडीसी निरंजन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही