Jamtara News : जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक और सफलता मिली है. एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में टीम ने सुगापहाड़ी रोड किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी कर दोनों को दबोचा. उनके पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़ें
गिरफ्तार आरोपियों में सुगापहाड़ी का वाजिद अंसारी और बरमुंडी का हसबुल अंसारी शामिल हैं. उनके खिलाफ साइबर थाना में कांड संख्या 69/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद कराने या नया क्रेडिट कार्ड लेने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे. इस दौरान वे उनके मोबाइल पर एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर उनके खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था. छापेमारी टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, एसआई नीतीश कुमार, विकास कुमार तिवारी व हवलदार हीरालाल महतो शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

