- 11 मोबाइल और 13 सिम बरामद
Jamtara News : साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस की टीम ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. .
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, कृष्णा कुमार एवं पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो की टीम ने पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित जोरिया के पास पलाश के झुंड में छापेमारी की. यहां से तीन आरोपियों को पकड़ा गया.
इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में तालाब के समीप आम बागान में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह निवासी तस्लीम अंसारी (20) व मनाजीर अंसारी (21), बांकुडीह निवासी अब्दुल लतीफ (27), करमाटांड़ थाना क्षेत्र निवासी उस्मान गनी (25) और मट्ठटांड निवासी जितेंद्र मंडल (43) के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें
कैशबैक का मैसेज भेजकर देते थे झांसा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का मैसेज भेजते थे. इसके बाद कैशबैक स्वीकार करने के नाम पर पीड़ितों को फर्जी ऐप के जरिए ठगी के जाल में फंसाया जाता था.
इसके अलावा आरोपी SBI समेत विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों से संपर्क करते थे. इसके बाद मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था.
कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का साइबर ठगी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था. मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
साइबर अपराध के खिलाफ अभियान में 122 गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान में कुल 122 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. इस दौरान पुलिस ने 304 मोबाइल फोन, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 8 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 14 लाख 700 रुपये नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

