Jamtara News: जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थानारडीह गांव में शनिवार रात सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा की गई आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर जमकर बवाल हुआ. पोस्ट के बाद आक्रोशित भीड़ युवक के घर पहुंच गई और कथित तौर पर घर में तोड़फोड़ की. इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त होने की सूचना है.
बताया जाता है कि रात में भीड़ काफी उग्र हो गई थी. भीड़ युवक के घर में घुस गई और वहां मौजूद महिलाओं एवं बच्चों के साथ मारपीट की. स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय पुलिस को पर्याप्त संख्या में फोर्स के अभाव में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें:
हालात को नियंत्रित करने के लिए देर रात दुमका से अतिरिक्त पुलिस जवानों को बुलाया गया. इसके बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.
ग्रामीणों के अनुसार, हंगामे के दौरान भीड़ गांव के मंदिर से घंटा भी अपने साथ ले गई. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और तोड़फोड़ व पथराव के आरोपों की जांच की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. फिलहाल करमाटांड़ थाना में शांति समिति की बैठक की गई और दोषियों पर करवाई की बात कही.
जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि घर में तोड़फोड़ और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है. इस सब को लेकर पुलिस सक्रिय है. पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि दोषियों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, दोषियों के किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

