Jamtara News : जामताड़ा में दुर्गापूजा की तैयारी जोरों पर है. त्योहार को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई. डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, बिजली, सफाई, विसर्जन जुलूस समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें
डीसी ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा. पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट प्लान भी तैयार रखने का निर्देश दिया. उन्होंने पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर्स रखने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा.
डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी. बिना जांचे-परखे किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह या भ्रामक संदेश को प्रसारित नहीं करें. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में पूजा पंडालों का भौतिक सत्यापन, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल व दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, पार्किंग शौचालय, अग्निशमन व चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए. शहरी क्षेत्रों में गड्ढों की भराई और बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण रखने को कहा गया.
एसपी शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाने और नाबालिग वाहन चालकों पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया. कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान अश्लील गाने, धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीत, भड़काऊ टिप्पणी व अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रत्येक पूजा समिति से 40 जिम्मेदार लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा.
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, एसडीओ अनंत कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी व शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

