Search

 
 
 

Jamtara News : धरती आबा की प्रतिमा तोड़ने पर फूटा गुस्सा, गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

जिला मुख्यालय के व्यस्त कोर्ट मोड़ पर स्थापित धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.
 
  • “आदिवासी अस्मिता पर हमला बर्दाश्त नहीं”

Jamtara :  जिला मुख्यालय के व्यस्त कोर्ट मोड़ पर स्थापित धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.

 

प्रतिमा का एक हाथ और तीर तोड़े जाने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते कोर्ट मोड़ जनाक्रोश का केंद्र बन गया. इस दौरान लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

 

Uploaded Image

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं और सम्मान पर सीधा हमला है. 

 

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में अशांति और वैमनस्य फैलाने की साजिश हो सकती हैं.

 

घटना की खबर फैलते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नेताओं ने मौके पर पहुंचकर कड़ी प्रतिक्रिया दी. लोगों ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. 

 

प्रशासन ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों ने लोगों को दिलाया भरोसा

सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे.

 

अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.

 

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी. 

 

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, माहौल पर प्रशासन की नजर

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोर्ट मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

 

वहीं स्थानीय समाज के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही