Search

 
 
 

Jamtara News :  मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

Jamtara News : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य वैसे पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका देना है, जिनका नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है.
 
डीसी आलोक कुमार

Jamtara News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत जिले के मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर मिलने जा रहा है. इसके लिए 18 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 'एक और अवसर कैंप' आयोजित किया जाएगा. कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. इस दौरान बीएलओ, बीएलए-2 व चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी.

 

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य वैसे पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका देना है, जिनका नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है.

 

 

एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं को मिलेगी राहत

गणना चरण के दौरान जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया था, लेकिन एएसडीडी सूची में चिह्नित होने के कारण उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका, उन्हें इस कैंप से राहत मिलेगी. इसके लिए सभी मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों व स्थानीय नगर निकाय कार्यालयों में एएसडीडी सूची का पुनर्प्रकाशन किया जाएगा.

 

प्रपत्र-6 के साथ जमा करने होंगे जरूरी दस्तावेज

कैंप में एएसडीडी सूची में दर्ज ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं और अब तक प्रपत्र-6 नहीं भर पाए हैं. ऐसे मतदाताओं से गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र व आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

अपात्र मतदाताओं की सूची भी होगी सार्वजनिक

सुनवाई व सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी. बीएलओ उपस्थित सदस्यों के समक्ष सूची में दर्ज नामों को पढ़कर सुनाएंगे. इसके माध्यम से आम नागरिकों व राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी.

 

डीसी ने कैंप सफल बनाने का दिया निर्देश

डीसी आलोक कुमार ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों व संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर कैंप का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही बीएलए-2 व चुनाव पाठशाला के सदस्यों को बैठक की पूर्व सूचना देने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही