Jamtara News : चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के एएसआई मुंद्रिका प्रसाद (58) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. वह स्टेशन परिसर स्थित रेलवे आवास में रहते थे. गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उन्हें क्वार्टर में बेहोशी की हालत में पाया गया. सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी विमल कुमार जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और एएसआई को तत्काल चिरेका स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले गये. जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें
घटना की सूचना मिलने पर चित्तरंजन थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल सदर अस्पताल भेज दिया.
एएसआई मुंद्रिका प्रसाद का शव धनबाद जीआरपी केंद्र ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी. इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. मुंद्रिका प्रसाद मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ जामताड़ा शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित शिवधाम मोहल्ले में मकान बनाकर रह रहे थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मुंद्रिका प्रसाद के निधन से रेल पुलिस परिवार में शोक का माहौल है. वार्ड नंबर 13 की पार्षद सुनीका देवी और समाजसेवी सुभाष सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

