Jamtara News : विद्यासागर-मदनकट्टा रेलखंड पर नवाडीह-दुर्गापुर के समीप शनिवार सुबह रेल पटरी पर नवविवाहित जोड़े का शव बरामद किया गया है. दोनों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव निवासी रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है.
शुक्रवार शाम मंदिर में की थी शादी
बताया जाता है कि अलग-अलग समुदाय से आने वाले रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों ने शुक्रवार शाम गांव के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में शादी की थी. शादी के अगले ही दिन दोनों के शव रेल पटरी से बरामद किए गए. नवविवाहित जोड़े का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
इसे भी पढ़ें
सुबह पटरी पर शव देख लोगों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने विद्यासागर-मदनकट्टा रेलखंड के नवाडीह-दुर्गापुर के समीप पोल संख्या 271/4 और 271/5 के पास दोनों के शव देखे. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल करमाटांड़ थाना की पुलिस को जानकारी दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
मौत के कारणों का पता लगा रही पुलिस
रॉकी और नाजिया के शव मिलते की खबर सुनकर दोनों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है. हालांकि मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

