- गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे से होकर रोज 40-50 ट्रक कोयला बिहार और बंगाल भेजने का आरोप
Jamtara News : जामताड़ा जिले में गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे से होकर कोयले की कथित तस्करी पर राजनीति गर्मा गई है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर कुमार सिंह ने इस काले कारोबार को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि धनबाद में ईडी की छापेमारी के बाद अवैध कोयला कारोबार का मुख्य केंद्र जामताड़ा जिला बन गया है.
इसे भी पढ़ें
रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि पहले अवैध कोयले की खेप एनएच-2 के रास्ते बिहार और उत्तर प्रदेश भेजी जाती थी. अब जामताड़ा जिले के नारायणपुर, जामताड़ा और मिहिजाम थाना क्षेत्रों से होकर बड़े पैमाने पर कोयले की तस्करी की जा रही है. प्रतिदिन 40 से 50 ट्रकों से नारायणपुर के पांडेयडीह मोड़ होते हुए गिरिडीह के रास्ते चकाई (बिहार) तक कोयला पहुंचाया जा रहा है. साथ ही पश्चिम बंगाल में भी कोयला भेजे जाने का दावा किया.
भाजपा प्रवक्ता ने इस अवैध कारोबार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और उनके पीए की भूमिका होने का आरोप लगाया. कहा कि इस अवैध कारोबार से अर्जित धन बांग्लादेश में खपाया जा रहा है. मंत्री इरफान अंसारी के बांग्लादेश से संपर्क हैं.
उन्होंने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की. साथ ही स्वास्थ्य मंत्री की संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की ईडी से जांच कराने की मांग उठाई. चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी. कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर अवैध कोयला लदे वाहनों को रोकेंगे और उन्हें प्रशासन के हवाले करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

