Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के जुम्मन मोड़ के समीप शुक्रवार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
एक युवक को सीधे धनबाद भेजा गया, जबकि दूसरे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुवाटांड़ गांव निवासी राजू यादव का 20 वर्षीय पुत्र पिंटू यादव नारायणपुर थाना क्षेत्र के अहारडीह गांव स्थित अपनी बहन के घर से बाइक से गया था. वापस अपने गांव लौटने के दौरान जुम्मन मोड़ के समीप उसकी बाइक की दूसरे बाइक सवार से टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

