Jamtara News : जामताड़ा जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है. डीसी आलोक कुमार ने सोमवार को उत्पाद विभाग की समीक्षा की. उन्होंने होटलों, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही सार्वजनिक स्थलों और अवैध शराब बिक्री के हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखने को कहा.
इसे भी पढ़ें
उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल ने बताया कि पिछले सितंबर में 167 लीटर अवैध चुलाई शराब, 1800 किलो जावा महुआ, 40.125 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और 6.500 लीटर बीयर जब्त की गई. वहीं, सितंबर तक चालू वित्तीय वर्ष में कुल 1001.100 लीटर अवैध चुलाई शराब, 8205 किलो जावा महुआ, 208.485 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और 223.380 लीटर बीयर जब्त की गई. 60 किलो पंचवाई और 45 लीटर सुषव भी जब्त की गई.
डीसी ने जिले की सभी अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकानों के स्टॉक की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. कहा कि दुकानों में ब्रांड के अनुरूप स्टॉक रखा जाए और शराब की बिक्री निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर नहीं हो इसका ख्याल रखें. बैठक में बताया गया कि सितंबर तक निर्धारित मासिक लक्ष्य के मुकाबले 99.68 प्रतिशत राजस्व संग्रहण किया गया है. बैठक में उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

