Jamtara News : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने जामताड़ा शहर सहित जिले के सभी अल्ट्रसाउंड केंद्रों पर सख्ती के निर्देश दिये हैं. डीसी ने यह निर्देश जिले में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी अनुपालन व कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लेकर सोमवार को हुई जिला सलाहकार समिति की बैठक में दिए.
इसे भी पढ़ें
बैठक में जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन व नए आवेदनों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. कहा कि सभी केंद्रों में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट व निर्धारित एसओपी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं. निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों व अनियमितताओं की रिपोर्ट जिला कार्यालय को प्रस्तुत करें.
डीसी ने कहा कि प्रसव पूर्व लिंग जांच कराना और लिंग की जानकारी देना कानूनन अपराध है. कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी और कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि जिले में संचालित किसी भी अल्ट्रासाउंड केंद्र की इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, डीपीएम प्रदीप महतो व अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

