Jamtara News: भारतीय डाक विभाग की सेवाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को जामताड़ा कोर्ट परिसर में डाक चौपाल का आयोजन किया गया. यह चौपाल जामताड़ा मुख्य डाकघर एवं अनुमंडलीय डाक विभाग, जामताड़ा की ओर से लगाया गया.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को भारतीय डाक विभाग की सेवाओं से जोड़ना और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं एवं बचत योजनाओं के प्रति जागरूक करना था. इस अवसर पर ग्रामीण डाक सेवक भागीरथ पंडित ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय डाक विभाग वर्षों से देश के प्रत्येक क्षेत्र में लोगों को बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करता आ रहा है.
डाक विभाग केवल चिट्ठी और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई आकर्षक बचत एवं निवेश योजनाएं संचालित कर रहा है. इनमें सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र, बचत खाता, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (टीडी), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) और डाक जीवन बीमा (पीएलआई) जैसी योजनाएं शामिल हैं.
इन योजनाओं के माध्यम से लोग अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार छोटी-छोटी बचत कर भविष्य के लिए अच्छी पूंजी तैयार कर सकते हैं. भागीरथ पंडित ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भारतीय डाक विभाग की सेवाएं आम जनता के लिए हैं. इसलिए अधिक से अधिक लोग डाकघर से जुड़ें और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं.
सुरक्षित निवेश और नियमित बचत के माध्यम से अपने तथा अपने परिवार का भविष्य उज्ज्वल बनाएं. उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग वर्षों से लोगों का विश्वास जीतते हुए लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है. डाक चौपाल में राम प्रसाद पाल, सुमन कुमार, उज्ज्वल दत्ता, मुबारक अंसारी, बसंत भैया, दीपक कुमार, जयपाल कुमार, मुकेश महतो, बाबूजन टुडू, प्रीति कुमारी, राहुल कुमार सहित कई ग्रामीण डाक सेवक उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

