- डीसी ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा-कम वेतन से घबराकर नौकरी न छोड़ें, मेहनत से बढ़ेगा पैकेज
Jamtara News : आईटीआई परिसर में शनिवार को एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया. मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 13 कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 8 कंपनियां झारखंड की थीं. रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए. चयनित अभ्यर्थियों को उपायुक्त ने नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर उपायुक्त ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नौकरी की शुरुआत में वेतन कम मिल सकता है, लेकिन इससे घबराकर नौकरी छोड़ने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि किसी कंपनी में योगदान देने के बाद युवा पूरी मेहनत और लगन से काम करें. अनुभव और कार्यकुशलता बढ़ने के साथ भविष्य में बेहतर अवसर और पैकेज के रास्ते खुलेंगे.
उपायुक्त ने कहा कि नियुक्ति पत्र महज एक कागज नहीं है, बल्कि यह परिवार की उम्मीद, आस और भरोसे के साथ-साथ युवा की मेहनत और प्रतिभा की पहचान है. उन्होंने चयनित युवक-युवतियों से नौकरी को गंभीरता से लेने, अनुशासन के साथ काम करने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने की अपील की.रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताया.

