Jamtara : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने गुरुवार को जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यालय में कर्मियों की उपस्थिति पंजी, विभिन्न अभिलेखों व कार्यालय कार्यों की गहन समीक्षा की. उन्होंने एक कर्मी के देर से पहुंचने पर अटेंडेंस रजिस्टर में उसे अनुपस्थित दर्ज करते हुए सभी कर्मियों को समय ड्यूटी का पालन व जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन का निर्देश दिया.
डीसी ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया और कर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचकर जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें.
नवनिर्मित अनुमंडल भवन का भी लिया जायजा
इसके बाद डीसी ने अनुमंडल कार्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने भवन में बनाए गए विभिन्न विभागों के कक्ष, सभाकक्ष, न्यायालय कक्ष, सभागार, अधिकारियों के चैंबर, प्रतीक्षा कक्ष, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश व निकास मार्ग, लिफ्ट, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय आदि का निरीक्षण किया.
उन्होंने एसडीओ अनंत कुमार से कहा कि नए भवन में किस तल पर किस अधिकारी का कार्यालय संचालित होगा, इसकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं. साथ ही अनुमंडल कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों की नए भवन में शिफ्टिंग को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए. मौके पर एसडीओ सहित प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति व अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

