Search

 
 
 

Jamtara News: अवैध खनन रोकने के लिए DC के सख्त आदेश, रात में होगी छापेमारी

जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं अवैध व्यापार पर रोक लगाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई.
 

Jamtara: जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं अवैध व्यापार पर रोक लगाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में बालू, कोयला एवं पत्थर के अवैध खनन और परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने, अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को बालू घाटों पर सतत निगरानी रखने एवं अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा. साथ ही रात्रि में संयुक्त टीम बनाकर खनन क्षेत्रों में औचक छापेमारी चलाने का निर्देश भी दिया.


बैठक में नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत बंद पड़े खदानों में हो रहे अवैध कोयला खनन पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने अवैध खनन से बने गड्ढों की डोजरिंग कराने एवं वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल एवं सीआईएसएफ के साथ रात्रिकालीन छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया.

 

उपायुक्त ने खनन क्षेत्रों में ड्रोन एवं अन्य आधुनिक माध्यमों से निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया. वहीं चेकपोस्ट व्यवस्था की संयुक्त जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया.

 

बैठक के दौरान ईसीएल प्रबंधन चितरा द्वारा चितरा से जामताड़ा साइडिंग तक कोयला ढुलाई के दौरान बिना तिरपाल ढके डंफरों के परिचालन पर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने बिना तिरपाल वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने एवं इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

 

इसके अलावा कोयला ढुलाई में लगे डंफरों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि मानक के अनुरूप परिचालन नहीं करने वाले वाहनों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

 

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनिज परिवहन से जुड़े 10 मामले सामने आए हैं, जिनमें 10 वाहनों को जब्त किया गया है. साथ ही 2 प्राथमिकी दर्ज करते हुए 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार, खान निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित ईसीएल, सीआईएसएफ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही