Jamtara : नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित कोरिडीह पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह करीब 9 बजे टेंपो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में मौसम शेख (25 वर्षीय) नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परिजनों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस एवं डॉक्टर की अनुपलब्धता को लेकर जमकर हंगामा किया. ग्रामीणों का आरोप है कि घायल युवक को समय पर 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं कराई गई और अस्पताल में डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे.
इसकी वजह से गंभीर रूप से घायल युवक को निजी वाहन से धनबाद ले जाना पड़ा. परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपात स्थिति में भी मरीजों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था की जांच कराने और समय पर इलाज व एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित करने की मांग की है.
इधर हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. मामले को लेकर स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति नाराजगी देखी गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

