Jamtara News : जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत शिमला बुधुडीह गांव में आग लगने से नंदकिशोर मंडल का घर जलकर राख हो गया. घटना में घर में रखे जरूरी सामान, टीवी,महत्वपूर्ण दस्तावेज और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े कागजात भी जल गए. आग से परिवार को भारी नुकसान हुआ है.आग लगे के कारण प्रथम दृष्टिया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है
नंदकिशोर मंडल और उनकी पत्नी कल्पना देवी ने बताया कि वे घर के बाहर काम कर रहे थे. इसी दौरान घर से धुआं निकलता देख वे भागकर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए. हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर पूरी तरह जल चुका था.
कल्पना देवी ने बताया कि उनका यही एकमात्र आशियाना था. इसी घर में वे अपने छोटे-छोटे बच्चों और बीमार पति के साथ रहती थीं. आग ने उनसे सिर छिपाने की छत भी छीन ली. आग की घटना के बाद परिवार के सामने रहने और बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए आर्थिक सहायता और रहने के लिए व्यवस्था कराने की मांग की है.