Jamtara News : गोबिंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन गांव के समीप गुरुवार को बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया.
घायलों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के हिरणानगर निवासी मोहम्मद फिरोज (30 वर्ष), उनकी पत्नी आसमुन खातून (28 वर्ष), पुत्री जोया खातून (8 वर्ष), अलिसवा खातून (3 वर्ष) और दो माह के पुत्र सरजान बादशाह के रूप में हुई है.
बताया गया कि परिवार के सभी सदस्य बाइक से अपने रिश्तेदार घर जा रहे थे. इसी दौरान कोरीडीह वन के समीप सामने से आ रही स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई. दुर्घटना में पांचों घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
सीएचसी नारायणपुर में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. मोहम्मद फिरोज की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. घटना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

