- एक युवक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो बाइको की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक पर सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर तीन युवक जामताड़ा की ओर से अपने घर लौट रहे थे. उनकी पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोंदलीपहाड़ी गांव निवासी सिद्धेश्वर सोरेन, प्रेम सोरेन और गोपी राय के रूप में हुई है. बताया गया कि तीनों युवक इग्नू की परीक्षा देकर वापस घर लौट रहे थे.
वहीं दूसरी मोटरसाइकिल नारायणपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी अजय मंडल और प्रकाश मंडल सवार थे. दोनों युवक जामताड़ा कॉलेज में परीक्षा देने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान पबिया पेट्रोल पंप के सामने दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण कि हेलमेट तक टूट गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जोरदार था कि दोनों मोटरसाइकिलों के हेलमेट भी चकनाचूर हो गए. सभी युवक हेलमेट पहने हुए थे. दुर्घटना में दोनों बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. सड़क पर घायल युवकों को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल उनकी मदद में जुट गए.
108 एंबुलेंस का इंतजार, राहगीरों की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 20 मिनट बाद तक 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. इस दौरान राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए रास्ते से गुजर रही दूसरी एंबुलेंस को रुकवाया और सभी घायलों को उसमें बैठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा.घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

