- गायब अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश
Jamtara News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने की खबर से डॉक्टरों, अधिकारियों और कर्मियों में हड़कंप मच गया. अस्पाताल के दो पदाधिकारी अपने कार्यालय से गायब मिले. इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए दोनों को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें
मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, चिकित्सा सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके इलाज, दवाओं और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. मंत्री ने डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर भी जांचा. उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग आम जनता से सीधे जुड़ा और बेहद संवेदनशील विभाग है. सभी डॉक्टर पूरी ईमानदारी के साथ काम करें.
अस्पताल में जल्द होगी डॉक्टरों की नियुक्ति
मंत्री ने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल में जल्द ही अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी. ताकि जिले के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद, रांची या दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़े. जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है.
अस्पताल को राजनीति का अखाड़ा बनाने वालों पर निशाना
मंत्री ने पूर्व में सदर अस्पताल में नौ डॉक्टरों की पदस्थापना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों द्वारा अस्पताल में मारपीट और हंगामा किए जाने के कारण डॉक्टर भयभीत हो गए और यहां से काम छोड़कर चले गए. कुछ लोग अस्पताल को राजनीति का केंद्र बनाने में जुट जाते हैं. अस्पताल मरीजों की सेवा और इलाज का स्थान है, न कि नेतागिरी करने का अड्डा. यहां झंडा और लाठी लेकर आने की जरूरत नहीं है. मरीजों के इलाज में बाधा डालने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
मरीज के साथ एक ही अटेंडेंट को मिलेगी एंट्री
अस्पताल की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये. कहा कि प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक गतिविधियों, भीड़ और हंगामे के कारण डॉक्टरों के कामकाज तथा मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

