Search

 
 
 

Jamtara News : कोयला चोरी रोकने गए होमगार्ड जवान को बंधक बनाकर पीटा, जांच में जुटी पुलिस

जामताड़ा शहर स्थित ईसीएल की रेलवे साइडिंग में शनिवार सुबह कोयला चोरी रोकने गए होमगार्ड जवान पर भीड़ ने हमला कर दिया. उसे बंधक बनाकर पिटाई की गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जवान को भीड़ से मुक्त कराया.
 
ग्रामीणों की पिटाई से घायल होमगार्ड जवान.

Jamtara : जामताड़ा शहर स्थित ईसीएल की रेलवे साइडिंग में शनिवार सुबह कोयला चोरी रोकने गए होमगार्ड जवान पर भीड़ ने हमला कर दिया. उसे बंधक बनाकर पिटाई की गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जवान को भीड़ से मुक्त कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग ईसीएल रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी करने पहुंचे थे. ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

 


आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान मिलन दास को बंधक बनाकर पास के एक गांव ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. इसके बाद थाना प्रभारी मनोज महतो अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे. ग्रामीणों ने उनके साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने होमगार्ड जवान को छुड़ाकर थाना पहुंचाया.


दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि विवाद की शुरुआत होमगार्ड जवानों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करने और एक युवक के साथ मारपीट करने के बाद हुई, जिससे माहौल बिगड़ गया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही