Jamtara : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के डारर-केवलजुडिया गांव स्थित काजू बागान का निरीक्षण किया. उन्होने वहां काजू उत्पादन, पौधों की स्थिति, रखरखाव व भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
डीसी ने काजू बागान के समग्र विकास व किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की. उन्हें क्षेत्र में काजू उत्पादन को बढ़ावा देने व बागान के वैज्ञानिक रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा. साथ ही काजू प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा. परिवहन लागत घटेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
उन्होंने अधिकारियों को काजू आधारित उद्योगों की संभावनाओं का आकलन करते हुए बागान की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा. इससे क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और नाला क्षेत्र का समग्र विकास होगा.
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार काजू बागान के विकास एवं प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नाला क्षेत्र काजू उत्पादन और प्रसंस्करण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा. मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार, बीडीओ आकांक्षा कुमारी, रेंजर मृत्युंजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment