- कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
- शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
Jamtara : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की नई टीम की घोषणा कर दी है. पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर विजय कुमार दुबे पर भरोसा जताते हुए उन्हें कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. नई कमेटी के गठन के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.
विजय कुमार दुबे ने फिर से जिम्मेदारी सौंपने पर प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दोबारा यह दायित्व सौंपा है, वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम करती है और नई कमेटी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी.
विजय कुमार दुबे ने जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस परिवार के गार्जियन एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के प्रति विशेष आभार जताया. उन्होंने कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और संरक्षण में जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्ण गठन हुआ है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा.
विजय कुमार दुबे ने नई जिला कांग्रेस कमेटी में शामिल सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा.
नई टीम की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि संगठन अब और अधिक सक्रिय होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा. जिले के कई कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने विजय कुमार दुबे को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में संगठन के और मजबूत होने की बात कही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment