Jamtara News : जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के बजरा पाड़ा में आयोजित शादी समारोह में बुधवार देर शाम उस अफरा-तफरी मच गई, जब कॉफी मशीन में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ. इस हादसे में मशीन ऑपरेटर प्रकाश कुमार समेत पांच लोग घायल हो गए. धमाका इतना तेज था कि समारोह में मौजूद लोग कुछ देर के लिए सहम गए. पर गनीमत रही कि किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में मेहमानों के लिए कॉफी मशीन लगाई गई थी. बुधवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच अचानक तेज आवाज के साथ मशीन में विस्फोट हुआ. इस दौरान आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए.
विस्फोट के कारण मशीन ऑपरेटर प्रकाश कुमार समेत पांच लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद समारोह स्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में वहां मौजूद लोगों ने सभी घायलों को मिहिजाम के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को छुट्टी दे दी गई. जबकि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है.
घायल कॉफी मशीन ऑपरेटर प्रकाश कुमार ने बताया कि मशीन का मीटर सामान्य रूप से चल रहा था. वह कॉफी बांटने के लिए कप निकाल रहे थे, तभी अचानक मशीन में जोरदार ब्लास्ट हुआ. अचानक विस्फोट होने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला.
इस अप्रत्याशित हादसे ने शादी की खुशियों को कुछ देर के लिए दहशत में बदल दिया. गनीमत रही कि विस्फोट के बावजूद कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई. फिलहाल कॉफी मशीन में विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मशीन में तकनीकी खराबी, दबाव या अन्य वजहों से धमाका हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा.

